बड़वानी। बड़वानी जिले के सजवाय गाँव में रणजीत तालाब का मेन गेट लीकेज होने से खेतों में पानी घुसने लगा है। ऐसे में किसानों की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। वहीँ एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है। उनका कहना है कि जल्द ही लीकेज को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
दरअसल सजवाय गाँव में स्थित रणजीत तालाब से गुरुवार सुबह करीब सात बजे पानी लीकेज होने लगा। पानी किसानों के खेत में घुस रहा है। इससे कई एकड़ में लगी खड़ी फसलों पर संकट गहरा गया है। वहीँ किसानों ने संबंधित विभाग को इस बारे में सूचित किया। काफी समय तक मौके पर कोई जवाबदार नहीं पहुंचा तो किसान व ग्रामीण मौके पर जेसीबी मशीन के साथ पहुँच गए। किसान पानी को भोंगली नदी में डायवर्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर तालाब समिति अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जवाबदारों को इस बारे में कई बार सूचना दी गई लेकिन लापरवाही के कारण आज ये स्थिति निर्मित हुई है। वहीँ सूचना मिलने पर एसडीएम ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है। उनका कहना है कि जल्द लीकेज को दुरुस्त कर दिया जाएगा। बता दे कि रणजीत तालाब लगभग 100 साल से अधिक पुराना है। जिसकी क्षमता 31 फिट की है और वर्तमान में करीब 26 फिट पानी भरा हुआ है।
