भोपाल। फ़िलहाल प्रदेश में कोरोना वायरस के प्रभाव थमता नजर नहीं आ रहा है। पिछले कुछ दिनों में उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर सहित कुछ जिलों में कोरोना के मामले बढ़े हैं। बुधवार को भी प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 227 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीँ चार लोगों की महामारी के कारण मौत हो गई है। इससे प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 5875 और मरने वालों की संख्या 229 हो गई है।
राजधानी भोपाल में बुधवार को 17 नए मरीजों की पुष्टि होने से संकमितों की संख्या 1190 पर पहुँच गई हैं, इनमें कुवैत से आए कोरोना पॉजिटिव भी शामिल है। बुधवार को अस्पताल से 22 मरीजों की छुट्टी कर दी गई, इस तरह अब तक 689 मरीज इस बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं।
बुधवार को इंदौर में कोरोना के 59 नए मामले सामने आए जबकि महामारी के कारण दो लोगों की मौत हुई है। इससे इंदौर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2774 तक पहुंच गई है जबकि मरने वालों का आंकड़ा 107 हो गया है। बुधवार को कुल 644 सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 59 सैंपल पॉजिटिव आए हैं। बुधवार को 39 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है, इसी के साथ स्वस्थ होकर घर लौटने वाले मरीजों की संख्या 1213 हो गई है।
उज्जैन में मंगलवार को रिकॉर्ड 58 मामले सामने आने के बाद बुधवार को फिर रिकॉर्ड 61 नए कोरोना मरीज सामने आए है। इससे जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 481 हो गई है। नए मरीजों में 12 महिदपुर और बाकि उज्जैन के रहने वाले है। वहीँ बुधवार को 17 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में अब तक 193 ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।
जबलपुर में बुधवार को चार नए मामलों की पुष्टि हुई है। इससे यहाँ कोरोना संक्रमितों की संख्या 190 हो गई है जबकि अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। यहाँ अब तक 114 मरीज स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। वहीँ खंडवा में बुधवार को 22 नए मामलों की पुष्टि होने से संक्रमितों की संख्या 208 हो गई है। इसके पहले सोमवार को 21 मरीज सामने आए थे।
वहीँ पिछले 24 घंटे में ग्वालियर-चंबल संभाग में 31 नए मामलों की पुष्टि हुई है। यहाँ मुरैना में 20, ग्वालियर में पांच, भिंड में चार और शिवपुरी-दतिया में एक-एक मामला सामने आया है। संभाग में अब तक 203 मामले सामने आ चुके हैं और 56 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। बड़वानी जिले के सेंधवा में पांच नए मामलों की पुष्टि होने से जिले में संक्रमितों की संख्या 38 हो गई है। वहीँ देवास शहर में तीन नए पॉजिटिव मरीज सामने आने से संक्रमितों की संख्या 38 हो गई है।
