शिवपुरी। बुधवार को शिवपुरी में कोरोना से संक्रमित एक और मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गया। इस दौरान अस्पताल के स्टाफ और अधिकारियों ने ताली बजाकर उसका स्वागत किया। इसके बाद शासकीय एम्बुलेंस से उसे उसके घर कोलारस रवाना किया गया। अब शिवपुरी में कोरोना का सिर्फ एक एक्टिव केस बचा है।
दरअसल शिवपुरी के कोलारस में रहने वाला सुहेब बीते दिनों उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद से अपने घर लौटा था। जाँच में सुहेब में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद से उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। अब सुहेब की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एएल शर्मा ने बताया कि कोरोना से पीड़ित रहे सोहेब की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसे घर के लिए रवाना किया गया है। अभी तक हमारे यहां से 3 मरीज सही हो चुके हैं और उन्हें घर भेजा जा चुका है। इस समय मात्र एक मरीज जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। जिसका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह बड़ी बात है कि शिवपुरी जिले में कोरोना के चार पॉजिटिव मरीज निकले है लेकिन इनमें से तीन सही हो गए हैं और किसी की भी कैजुअल्टी नहीं हुई है।
