गुना। मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विकास दुबे पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया है। विकास दुबे को गुरुवार को उज्जैन पुलिस ने गिरफ्तार किया था। देर रात पुलिस उसे लेकर झाँसी पहुंची थी। इस दौरान गुना के बाईपास टोल प्लाजा पर लगे कैमरे में वह कैद हुआ है।
दरअसल उज्जैन में विकास दुबे को गिरफ्तार करने के बाद मध्यप्रदेश पुलिस कानपुर के कुख्यात हत्यारे विकास दुबे को छोड़ने के लिए झाँसी गई थी। गाड़ियों के काफिले में पहली गाड़ी टवेरा, दूसरी गाड़ी सफारी और तीसरी गाड़ी इनोवा थी। विकास गाड़ी में बीच वाली सीट पर बैठा हुआ था।
पुलिस का काफिला देर रात 12:08 बजे गुना के बाईपास टोल प्लाजा की लाइन नंबर 2 से क्रॉस हुआ। इस दौरान वहां लगे कैमरे में विकास दुबे और पुलिस का काफिला कैद हो गया।
गौरतलब है कि विकास दुबे को कल मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाकाल मंदिर से हिरासत में लिया गया था। उज्जैन पुलिस के अनुसार विकास दुबे महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद देर रात उज्जैन पुलिस ने उसे यूपी एसटीएफ को सौंप दिया था।
