भोपाल। आख़िरकार मध्यप्रदेश में विभागों के बंटवारे को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। मंत्रिमंडल विस्तार के 11वें दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभागों का बंटवारा कर दिया है। साथ ही विभागों में फेरबदल भी किया गया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से स्वास्थ्य विभाग लेकर सिंधिया समर्थक प्रभुराम चौधरी को दिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने अपने पास सामान्य प्रशासन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन जैसे विभाग रखे है। वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव को लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग दिया गया है। विजय शाह को वन विभाग दिया गया है। जगदीश देवड़ा को वाणिज्यिक कर, वित्त और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग सौंपा गया है। बिसाहूलाल सिंह को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता संरक्षण जबकि यशोधरा राजे को खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार सौंपा गया है।
इनके अलावा भूपेंद्र सिंह को नगरीय विकास एवं आवास, ऐंदल सिंह कंसाना को लोक स्वास्थ्य, यांत्रिकी, बृजेंद्र प्रताप सिंह को खनिज साधन, श्रम, विश्वास सारंग को चिकित्सा शिक्षा, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, इमरती देवी को महिला एवं बाल विकास, प्रभुराम चौधरी को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महेंद्र सिंह सिसोदिया को पंचायत और ग्रामीण विकास, प्रद्युम्न सिंह तोमर को ऊर्जा, प्रेम सिंह पटेल को पशुपालन, सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण, ओमप्रकाश सकलेचा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम और प्रौद्योगिकी, उषा ठाकुर को पर्यटन, संस्कृति और अध्यात्म, अरविंद सिंह भदौरिया को सहकारिता, लोक सेवा प्रबंधन, मोहन यादव को उच्च शिक्षा, हरदीप सिंह डंग को नवीन, एवं नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और राज्यवर्धन सिंह को औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन विभाग सौंपा गया है।
वहीं अगर राज्य मंत्रियों की बात करें तो भारत सिंह कुशवाह को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, स्वतंत्र प्रभार, नर्मदा घाटी विकास, इंदर सिंह परमार को स्कूल शिक्षा, स्वतंत्र प्रभार, सामान्य प्रशासन, रामखिलावन पटेल को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, स्वतंत्र प्रभार, विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्ध घुमक्कड़, जनजातीय कल्याण, स्वतंत्र प्रभार, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, रामकिशोर कांवरे को आयुष, स्वतंत्र प्रभार, जल संसाधन, बृजेंद्र सिंह यादव को लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी, गिर्राज दंडोतिया को किसान कल्याण एवं कृषि विकास, सुरेंद्र धाकड़ को लोक निर्माण विभाग जबकि ओपीएस भदौरिया को नगरीय विकास एवं आवास विभाग सौंपा गया है।
गौरतलब है कि शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में कहा था कि वह रविवार को मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर देंगे। हालांकि आधिकारिक सूचि सोमवार सुबह ही सामने आई है।
