भोपाल। राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण को लेकर स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सोमवार को भोपाल में कोरोना वायरस के 177 नए मामले सामने आए हैं। इससे भोपाल में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 5800 पर पहुँच गई है। भोपाल में अब तक 160 लोग कोरोना से अपनी जान गवां चुके हैं।
इंदौर में सोमवार को थोड़ी राहत मिली है। यहाँ नए मरीजों का आंकड़ा 100 से कम होकर 73 पर पहुँच गया है। इंदौर में अब तक 4758 मरीज स्वस्थ हो चुके है जबकि 306 लोगों की जान जा चुकी है।
उज्जैन में सोमवार को कोरोना के 8 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 1141 हो गई है। यहाँ 207 सक्रिय मरीज है। बड़वानी में सोमवार को सर्वाधिक 33 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा नीमच में 16, रतलाम में 8 व देवास और शाजापुर में 4-4 नए मामले सामने आए हैं।
ग्वालियर-चम्बल अंचल में भी कोरोना का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को ग्वालियर में कोरोना में 51 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2088 हो गई है। हालाँकि सोमवार को 54 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। ग्वालियर में अब तक 1509 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इसके अलावा मुरैना में 13, शिवपुरी में 5, श्योपुर में 4 और भिंड में 2 नए मामले सामने आए हैं।
महाकोशल-विंध्य में सोमवार को कोरोना के 80 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 32 मामले रीवा, 29 मामले जबलपुर, 10 मामले कटनी, 4 मामले शहडोल, 3 मामले सिवनी और 2 मामले बालाघाट से सामने आए हैं। जबलपुर में अब तक कोरोना के 1063 मामले सामने आ चुके है, जिनमें से 724 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 313 एक्टिव है।
