शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सिंध नदी में पानी बढ़ने से पचावली पुल डूब गया है। इस कारण शिवपुरी का अशोकनगर जिले से संपर्क कट गया है। साथ ही पचावली पुल के आसपास की बस्तियों में भी पानी भर गया है।
दरअसल शिवपुरी जिले से गुजरने वाली सिंध नदी इस समय उफान पर है। रात को हुई झमाझम बारिश के बाद सिंध नदी पर बना पचावली पुल पूरी तरह से डूब गया है। इसके कारण शिवपुरी से अशोकनगर जिले की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। यहां से रन्नौद, अशोकनगर के लिए जाने वाला रास्ता बंद है।
रात को सिंध नदी के कैचमेंट एरिया अशोकनगर, गुना व विदिशा में जोरदार बारिश के बाद नदी में पानी बढ़ गया। इससे जिले के पचावली पुल के डूब जाने से पानी का बहाव तेज है और इस क्षेत्र के आसपास के कई खेत व रिहायशी बस्तियों में पानी भर गया है।
