भोपाल। एक सिरफिरा युवक भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए अति संवेदनशील रनवे के बीच जा पहुंचा। युवक उड़ने के लिए तैयार स्पाइस जेट के विमान के सामने जाकर खड़ा हो गया। इसके बाद युवक ने एप्रैन में खड़े एक निजी हेलिकॉप्टर के कांच फोड़ दिए और आगे के हिस्से को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
एयरपोर्ट पर उत्पाद मचाने वाले युवक का नाम योगेश त्रिपाठी पिता विश्व मोहन त्रिपाठी है। 20 वर्षीय युवक भोपाल की अरेरा कालोनी का रहने वाला है। योगेश एयरपोर्ट की दीवार फांदकर रनवे पर पहुंचा। उसे पकड़ने के लिए सीआईएसएफ के जवान आगे बढ़े तो वह भाग कर उदयपुर जाने के लिए खड़े स्पाइसजेट के विमान के आगे पहुँच गया। युवक को सामने आता देख विमान के पायलट ने विमान का इंजन बंद कर दिया।
इसके बाद योगेश एप्रैन में खड़े संत राधा स्वामी के निजी हेलिकॉप्टर के पास पहुंचा और उसके फोड़ दिए। इसके बाद हेलिकॉप्टर के आगे के हिस्से को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में काफी मशक्कत के बाद उसे हिरासत में लिया गया। डीआईजी के अनुसार युवक दिमागी तौर पर अस्थिर लग रहा है। हालाँकि जाँच होने के बाद ही पता चल सकेगा कि उसने ऐसा क्यों किया।
