भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान सोमवार को राजधानी भोपाल में प्रेस वार्ता कर आईफा अवार्ड की तारीखों का ऐलान करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कमलनाथ आईफ़ा अवार्ड का पहला टिकट ख़रीदेंगे। सलमान खान के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस भी प्रेस वार्ता में हिस्सा लेगी।
बता दे कि आईफा अवार्ड मार्च में होगा। खबर है कि आईफा अवार्ड 19, 20 और 21 मार्च को हो सकते हैं। आईफा अवार्ड का कार्यक्रम दो दिन इंदौर और एक दिन भोपाल में हो सकता है।
पिछले साल आईफा अवार्ड का आयोजन मुंबई में किया गया था। इस वर्ष आईफा अवार्ड के आयोजन की मेजबानी मध्य प्रदेश को दी गई है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आईफा अवार्ड के आयोजन की मेजबानी मध्य प्रदेश को मिले, इसके लिए काफी प्रयास किए थे। सरकार का कहना है कि आईफा अवार्ड का आयोजन मध्य प्रदेश में होने से प्रदेश का नाम पूरे विश्व में होगा। इसका प्रसारण 90 देशों में किया जाएगा।
