छतरपुर। छतरपुर में प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को एम्बुलेंस में जिला अस्पताल लाया जा रहा था। लेकिन महिला ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। इस पर एम्बुलेंस कर्मचारियों ने परिजनों से ही एम्बुलेंस को धुलवाया।
बुंदेलखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली की तस्वीरें आना अब आम बात हो गई है। इस बार छतरपुर जिला अस्पताल से शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जिले के सटई थाना क्षेत्र के ग्राम पुंगवां की रहने वाली जननी शोभा को प्रसव पीड़ा हुई तो उसे स्थानीय सटई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। यहाँ पहले तो काफी देर तक इलाज नहीं किया गया और फिर महिला को छतरपुर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
महिला को अस्पताल लाते समय रास्ते में ही डिलेवरी हो गई। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर प्रसूता को वार्ड में भर्ती कराया गया जबकि प्रसूता की जेठानी से पूरी एम्बुलेंस को पानी से धुलवाया गया। गौरतलब है कि छतरपुर जिले में लगातार एम्बुलेंस में प्रसव का मामला सामने आया है। यहां सैकड़ों मामले हो चुके हैं।
