बड़वानी। जल स्तर कम होने के साथ ही एक बार फिर से नर्मदा किनारे अवैध शराब का कारोबार पनपने लगा है। माफियाओं ने नर्मदा किनारे ही शराब की भट्टियां लगा ली है। इन दिनों एक-दो नहीं बल्कि शराब की कई भट्टियों से अवैध शराब बनाई जा रही है। ख़ास बात यह है कि प्रशासन को इतने बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध शराब का कारोबार की भनक ही नहीं है।
प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन की राजपुर विधानसभा के अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम छोटा बड़दा सहित नर्मदा क्षेत्र के किनारे बसे अन्य गांवों में अवैध शराब का कारोबार फलने-फूलने लगा है। नर्मदा नदी का जल स्तर बढ़ने की वजह से कुछ समय के लिए अवैध शराब का कारोबार बंद हो गया था। लेकिन नर्मदा नदी का जल स्तर कम होने के साथ ही एक बार फिर शराब माफिया सक्रिय हो गए है।
गृहमंत्री बाला बच्चन के विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छोटा बड़दा और छोटी कसरावद में माफियाओं ने नर्मदा किनारे ही शराब की भट्टियां लगा ली है। वह भी एक या दो नही कई शराब की भट्टियां यहाँ लगी हुई है।
हैरत की बात यह है कि प्रशासन को जानकारी ही नहीं है। आबकारी विभाग जहां सुस्त है तो वहीँ पुलिस भी खुद को अनभिज्ञ मान अब कार्यवाही की बात कर रही है। कहा जा सकता है कि पुलिस से ज्यादा शराब माफियाओं का खुफिया तंत्र मजबूत है। कार्रवाई से पहले ही इन माफियाओं तक जानकारी पहुँच जाती है या पुलिस ही करवाई से पहले इन्हें सचेत कर देती है।
