भोपाल। नेता प्रतिपक्ष एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव समेत पांच भाजपा विधायकों से सायबर ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी ठग ने विधायकों को राज्यपाल के नाम से फ़ोन किया और 7-7 लाख रुपए आरटीजीएस करने को कहा। विधायकों ने मामले को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है। फ़िलहाल पुलिस की सायबर सेल इसकी जांच कर रही है।
ओडिशा के ठग ने गोपाल भार्गव के अलावा सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बीना विधायक महेश राय और होशंगाबाद विधायक सीतासरन शर्मा के पास मप्र के राज्यपाल लालजी टंडन के नाम से फ़ोन किया। ठग ने विधायकों से 7-7 लाख रुपए आरटीजीएस करने को कहा। हालाँकि किसी भी विधायक ने पैसे जमा नहीं करवाए। विधायकों ने फर्जी फोन का अंदेशा होने पर स्थानीय पुलिस, एसपी को सूचना दी।
बता दे कि सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बीना विधायक महेश राय को एक ही नंबर से फ़ोन आया था। ठग ने तीनों से कहा कि राजभवन से बात कर रहे हैं और राज्यपाल आपसे बात करेंगे। इसके बाद फ़ोन करने वाले ने खुद को राज्यपाल लालजी टंडन बताते हुए सात-सात लाख रुपये की डिमांड की।
वहीँ गोपाल भार्गव का कहना है कि ठग ने उनसे पैसे तो नहीं मांगे, लेकिन भूपेंद्र सिंह का नंबर मांगा था। हालाँकि मुझे शक हुआ तो मैंने नम्बर नहीं दिया। मेरे पास विधायक प्रदीप लारिया का भी इस संबंध में फोन आया था। इसके बाद मैंने एसपी से इसकी शिकायत की है। गौरतलब है कि जनवरी में गृह मंत्री अमित शाह के नाम से राज्यपाल लालजी टंडन को फ़ोन करने का मामला सामने आया था।
