इंदौर। इंदौर प्रशासन लगातार भू-माफियाओं और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। अवैध निर्माण पर लगाम कसने के लिए इंदौर निगम आयुक्त आशीष सिंह ने बड़ा कदम उठाया है। निगम आयुक्त ने 19 झोन में 45 बीआई नियुक्त करने का फैसला लिया है। इससे जोनल अधिकारियों पर काम का बोझ कम होगा और वह अवैध निर्माण पर लगाम लगा पाएँगे।
निगमायुक्त का मानना है कि वर्तमान में ज्यादातर झोनल अधिकारियों के पास ही बीआई का प्रभार भी है। इस कारण लगातार पेंडेंसी बढ़ रही है और अवैध निर्माणों पर रोक नहीं लग पा रही है। ऐसे में अब झोन पर नियुक्त सब इंजीनियरों को ही बीआई का प्रभार दिया जाएगा। हर झोन पर कम से कम दो बीआई नियुक्त किए जाएँगे, वहीँ बड़े क्षेत्रफल वाले झोन पर तीन बीआई नियुक्त किए जाएँगे।
निगमायुक्त सिंह का मानना है कि झोनल अधिकारियों के पास पहले ही इतना काम रहता है कि वह अवैध निर्माण पर लगाम नहीं लगा पाते हैं। वही लगातार नए नक्शों की स्वीकृति की पेंडेंसी भी लगातार बढ़ रही है। इसलिए ज्यादातर झोन में जोनल अधिकारियों को बीआई के प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।
