भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों की बगावत के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छह मंत्रियों को बर्खास्त करने का फैसला किया है। कमलनाथ ने राज्यपाल लालजी टंडन को पत्र लिखकर छह मंत्रियों को हटाने संबंधी आदेश तत्काल जारी करने की मांग की है।
कमलनाथ ने सिंधिया समर्थक मंत्री इमरती देवी, तुलसी सिलावट, गोविन्द सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रद्युमन सिंह तोमर और डॉ प्रभुराम चौधरी को बर्खास्त करने का फैसला किया है। बता दे कि यह सभी छह मंत्री उन 20 कांग्रेसी विधायकों में शामिल है, जिन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
दरअसल ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद उनके समर्थक 20 कांग्रेसी विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया है। विधायकों ने अपना इस्तीफा राजभवन और विधानसभा अध्यक्ष को ईमेल किया है। विधायकों के इस्तीफा देने के बाद प्रदेश की कमलनाथ सरकार का जाना लगभग तय हो गया है। वहीँ आज शाम को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है।

