ग्वालियर। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मध्यप्रदेश में अंतरराज्यीय बस परिवहन सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस दौरान कोई भी सवारी वाहन बाहरी राज्यों से मध्यप्रदेश में नहीं आ सकेगा और ना ही प्रदेश से कोई सवारी वाहन बाहरी राज्यों में जा सकेगा। मध्यप्रदेश के पड़ोसी राज्यों में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं राज्य परिवहन प्राधिकार सचिव ग्वालियर ने अपने आदेश में लिखा कि, “कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रभाव मध्यप्रदेश राज्य के कई सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रकाश में आया है। संक्रमण पर प्रभावी रोकथाम के लिए लोकहित में यह आवश्यक है कि मध्यप्रदेश राज्य में अन्य राज्यों से आने और जाने वाले बस परिवहन संचालन को स्थगित किया जावे।”

