इंदौर। कोरोना वायरस के कारण इंदौर में धारा 144 लगाने के बाद आज रीगल चौराहे पर पुलिस ने सख्ती की। पुलिस ने बेवजह घूमने वाले लोगो को पकड़कर उन्हें समझाइश दी। साथ ही ऐसे लोगों के हाथ में पर्चे देकर फोटो भी लिए जा रहे हैं, जिस पर लिखा है ‘मैं समाज का दुश्मन हूँ। ना मैं मास्क लगाऊंगा और ना ही घर में रहूँगा।’
वहीँ दूसरी तरफ डीआईजी रुचि वर्धन मिश्र ने भी इंदौर शहर के नागरिकों से घरों में रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से प्रशासन के लॉक डाउन में सहयोग करने, अपने और परिवार के स्वास्थय की सुरक्षा के लिए 31 मार्च तक घर पर ही रहने की अपील की है।
कोरोना वायरस की सूचनाओं के लिए संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी के निर्देश पर इंदौर में कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। इस काल सेंटर का नंबर 0731-2567333 है। यह कॉल सेंटर कल सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा। काल सेंटर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक कार्य करेगा। यहां पर कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज़ों के बारे में सूचनाएं दी जा सकेगी। यहां कोई भी कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज़ के बारे में सूचना दे सकेगा। जानकारी मिलते ही तत्काल रैपिड रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंचेगी और मरीज का इलाज किया जाएगा।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने बताया है कि पीसी सेठी अस्पताल के स्थान पर एमटी अस्पताल को आइसोलेशन सेंटर बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आज हुई बैठक में पीसी सेठी अस्पताल का चयन इस हेतु किया गया था। किन्तु एमटी हास्पिटल में तीन सौ से अधिक बिस्तरों की उपलब्धता को देखते हुए इसे आइसोलेशन हॉस्पिटल के रूप में चिन्हित किया गया है।
