भोपाल। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पूरे देश में 21 दिनों तक लॉकडाउन घोषित कर दिया है। इसको देखते हुए मध्यप्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिव्यांगों के लिए होने वाली अपनी सभी बोर्ड परीक्षाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके अलावा कॉपियों के मूल्यांकन का काम भी आगे बढ़ा दिया गया है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल के उप सचिव ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार मध्य प्रदेश में हाई स्कूल और हाई सेकेंडरी की व्यवसायिक पाठ्यक्रम, नियमित और स्वाध्यायी सामान्य एवं दृष्टिहीन, मूकबधिर (दिव्यांग) छात्रों की 20 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।
इसके अलावा 14 अप्रैल तक घोषित किए गए लॉकडाउन को दृष्टिगत रखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा के साथ-साथ 1 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित होने वाले मूल्यांकन कार्य भी आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। अब लॉकडाउन के बाद परीक्षा का नया टाइम टेबल जारी होगा। साथ ही 15 अप्रैल के बाद ही बोर्ड परीक्षाओं और कॉपी चैकिंग की नई तारीख घोषित होने की उम्मीद है।
