इंदौर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में दो मजदूरों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। दोनों मजदूर इंदौर में काम करते थे और लॉकडाउन के बाद मोटरसाइकिल से ही इंदौर से अपने गांव पहुंच गए। गांव पहुंचने के बाद उनकी तबीयत खराब हुई। जब दोनों का टेस्ट किया गया तो वे कोरोना पॉजिटिव निकले।
जिला कलेक्टर ने बताया कि डूंगरपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए दोनों मरीज बाप-बेटे है और इंदौर शहर में रहते थे। लॉकडाउन के दौरान दोनों बाइक पर सवार होकर 25 मार्च को अपने गांव पहुंचे। गांव पहुंचने के करीब 24 घंटे बाद दोनों 48 वर्षीय पिता और 14 वर्षीय बेटे की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इसके बाद कोरोना लक्षण मिलने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल में सैंपल लेने के बाद दोनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। मरीजों के सैंपल उदयपुर भेजे गए, जहां जांच रिपोर्ट में दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
