बड़वानी। बड़वानी जिले के एक गांव में ग्रामीणों ने कोरोना वायरस से बचने के लिए अनोखा लॉकडाउन लागू किया है। ग्रामीणों ने गांव के चारों ओर बैरिकेट्स लगा दिए गए हैं। साथ ही गांव के लोग यहां पहरा दे रहे हैं। ना तो किसी बाहरी व्यक्ति को गांव में प्रवेश दिया जा रहा है और ना ही किसी व्यक्ति को गांव से बाहर जाने दिया जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसा करने से गांव में कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं फैलेगा।
दरअसल कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन लागू किया गया है। ऐसे में बड़वानी जिले के बजट्टा गांव के लोगों ने एक कदम आगे बढ़ते हुए गांव के रास्ते को बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने गांव की सीमा पर बांस की लकड़ी का बैरिकेट्स लगा दिया है। साथ ही बैरिकेट्स के पास दो तख्तियां लगा दी है, जिस पर लिखा है ‘ग्राम बजट्टा में बाहरी व्यक्ति का आना मना है। लॉकडाउन बजट्टा।’
गांव वालों का मानना है कि ऐसा करने से गांव के लोगो का कोरोनावायरस से बचाव होगा। गांव के सारे रास्तों को बंद कर दिया गया है और खुद गांव के लोग यहां पर बैठकर पहरेदारी कर रहे हैं।
