भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने कोरोना संकट के बीच 31 मार्च को रिटायर्ड हुए 2500 अधिकारी-कर्मचारियों को तीन महीने की संविदा नियुक्ति देने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस सम्बन्ध में निर्देश जारी कर दिए है।
दरअसल सरकार ने निर्णय लिया है कि ऐसे 2500 अधिकारी-कर्मचारियों जो कोरोना वायरस से लड़ने के लिए तैनात है, सरकार उनको तीन महीने के लिए संविदा के तौर पर नियुक्त करेगी। सरकार के आदेश के अनुसार तृतीय श्रेणी एवं चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी को उपक्रम के संचालक संविदा नियुक्ति दे सकेंगे। हालांकि इसके लिए कर्मचारियों को संविदा नियुक्ति के पहले कलेक्टर से यह प्रमाणित करवान होगा कि संबंधित कर्मचारी कोरोना वायरस के विरुद्ध चल रहे अभियान में कार्यरत है।
इसी तरह वर्ग-2 के अधिकारियों की संविदा नियुक्ति संभागीय आयुक्त द्वारा की जाएगी। लेकिन उन्हें भी संविदा नियुक्ति के पहले कलेक्टर से यह प्रमाणित कराना होगा। वहीँ वर्ग-2 वाले पुलिस अधिकारियों की संविदा नियुक्ति पुलिस महानिरीक्षक के प्रस्ताव पर होगी।
