शिवपुरी। शिवपुरी में रहने वाले युवक कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से तो जीतने में कामयाब रहा लेकिन अब पड़ोसियों के तानों ने उसे परेशान कर दिया है। पड़ोसियों की अपने प्रति हीन भावना से युवक इतना परेशान हो गया है कि उसने अपना मकान बेचने का फैसला किया है। युवक ने बकायदा अपने घर के बाहर मकान बेचने के लिए बैनर लगा दिया है।
दरअसल जिले के रहने वाले दीपक शर्मा में कुछ दिनों पहले कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। दीपक जिले में कोरोना वायरस के पहले मरीज है। हालांकि डॉक्टरों के इलाज और अपने मनोबल के दम पर दीपक ने कोरोना को हरा दिया और स्वस्थ होकर अपने घर लौट आया। लेकिन पड़ोसियों के बुरे व्यवहार ने उसके मनोबल को तोड़ दिया है। अब वह अपने परिवार के साथ अपना घर बेचकर दूसरी जगह जाना चाहता है। उसने घर के बाहर बोर्ड लगा दिया है, जिस पर लिखा है – ‘यह मकान बिकाऊ है।‘
जब इस मामले पर मीडिया की टीम ने दीपक के घर पहुँचकर उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि वह कोरोना वायरस से सिर्फ अपने मनोबल के कारण स्वस्थ्य हुए और उनका मनोबल जिला प्रशासन, चिकित्सक, नर्स, मीडिया द्वारा फोन पर उनसे लगातार बातचीत कर बढ़ाते रहे। लेकिन जब से वह स्वस्थ होकर शिव कालोनी स्थित अपने घर आए है, तब से उनके पड़ोसी और नजदीकी उनके साथ बुरा बर्ताव कर रहे है, जिससे वह आहत है। दीपक का कहना है यह बीमारी किसी को भी हो सकती है लेकिन हमें बुरा बर्ताव नहीं करना चाहिए।
वहीं दीपक के पिता का कहना है कि उनके पड़ोसी उनके घर न सब्जी और न ही दूध वाले को आने दे रहे है। रात में कुछ लोग उनके घर का दरवाजा पीट-पीटकर गाली-गलौज कर उन्हें घर खाली कर जाने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
कोरोना वायरस जैसी गंभीर बीमारी से बचने के लिए सोशल डिस्टेंस रखे, लेकिन एक दूसरे के प्रति भावनात्मक डिस्टेंस कोरोना संक्रमण से ज्यादा घातक साबित होगा।
