इंदौर। इंदौर में कोरोना के बढ़ते आंकड़ों के साथ अब स्वस्थ हो रहे मरीजों के आंकड़ों में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। इंदौर में रविवार को सात कोरोना मरीजों के ठीक होने के बाद सोमवार को भी दो कोरोना पॉजिटिव मरीज पूरी तरह ठीक होकर अपने घर लौट गए। इस तरह इंदौर में अब तक 35 कोरोना पॉजिटिव मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने बताया कि इंदौर में इलाजरत कोरोना वायरस से प्रभावित दो और मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज कर उन्हें एमआरटीबी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। दोनों मरीज इंदौर के टाटपट्टी बाखल इलाके के रहने वाले हैं। इनमें वसीम खान और फिरोज बी शामिल है। दोनों ही मरीजों ने अस्पताल से निकलते से ही डॉक्टरों और मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
वसीम खान ने बताया कि स्वस्थ होकर घर लौटने पर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि कोरोना से घबराए नहीं, सोशल डिस्टेंस का पालन करें, मास्क पहने और लॉकडाउन का पालन करे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और नर्सों ने बहुत अच्छी सेवा की।
इसी तरह टाटपट्टी बाखल में ही रहने वाली फिरोज बी भी बेहद खुश है। उन्होंने कहा है कि हमने कोरोना को हरा दिया है और आज हम कोरोना से जीतकर अपने घर जा रहे हैं। डॉक्टरों, नर्स एवं सभी ने अस्पताल में हमारी बहुत अच्छी खिदमत की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हम एहतियात बरतेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। गर्म पानी पियेंगे और अन्य सावधानियां बरतेंगे।
