इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 2000 के पार पहुँच गया है। सोमवार देर रात जारी रिपोर्ट में 81 नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे इंदौर में कोरोना के कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2016 पर पहुँच गई है। साथ ही सोमवार को कोरोना संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई है। अब तक यहां इससे 92 लोगों की मौत हो चुकी है।
बता दे कि सोमवार को कुल 1044 सैंपल की जांच की गई जिसमें से 963 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 81 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीँ इंदौर में अब तक 926 लोग कोरोना को हराकर अपने घर लौट चुके हैं।
गौरतलब है कि जहां प्रदेश के दूसरे जिलों में हॉटस्पॉट कम हो रहे हैं और लॉकडाउन खोलने की तैयारी चल रही है, वहीं शहर में लगातार मरीजों के बढ़ने से कंटेनमेंट एरिया बढ़ता ही जा रहा है। रोज नए-नए इलाकों में संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। सोमवार को किला मैदान, नंदानगर, परदेशीपुरा, कुलकर्णी भट्टा जैसे इलाकों से मरीज सामने आए हैं। हालाँकि राहत की बात यह है कि शहर के पुराने पांच बड़े कंटेनमेंट एरिया से अब इक्का-दुक्का मरीज ही सामने आ रहे है।
