पन्ना। लॉकडाउन में पन्ना जिले में एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया है। यहाँ एक महिला डंडे की मदद से अपने विकलांग बच्चे को कंधे पर टांग कर सतना जा रही थी। जब स्थानीय लोगों ने यह मार्मिक नजारा देखा तो महिला के खाने की व्यवस्था की। जानकारी मिलते ही तहसीलदार दीपा चतुर्वेदी ने भी महिला के लिए वाहन का इंतजाम किया।
दरअसल लॉकडाउन का सबसे बुरा असर प्रवासी मजदूरों पर देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में मजदूर पैदल या लिफ्ट लेकर पहुँच रहे हैं। गुजरात के सूरत में काम करने वाली ऐसी ही एक महिला अपने एक विकलांग बच्चे को डंडे की मदद से कंधे पर टांग कर सतना के लिए निकल पड़ी।
जब यह महिला पन्ना पहुंची तो स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए आगे आए। लोगों ने महिला और उसके बच्चे के लिए खाने की व्यवस्था की। वहीँ जब इस बात की जानकारी पन्ना तहसीलदार दीपा चतुर्वेदी को चली तो उन्होंने मौके पर वाहन पहुंचा कर महिला को सतना भेजने की व्यवस्था की।
