इंदौर। शुक्रवार को इन्दौर संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी और इंदौर पुलिस महानिरीक्षक विवेक शर्मा बड़वानी जिले के बड़ी बिजासन पहुंचे। यहाँ दोनों अधिकारियों ने महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश में प्रवेश करने वाले उप्र और बिहार के मजदूरों को निःशुल्क बसों के माध्यम से घर भेजने के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरिक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निमाड़ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक तिलक सिंह, बड़वानी कलेक्टर अमित तोमर, पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार से चर्चा की और आवश्यक निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार ने सभी मज़दूरों को उनके घर पहुँचाने के लिए निःशुल्क बसों की व्यवस्था की है। किसी भी मज़दूर को मध्यप्रदेश की सीमा में पैदल नहीं चलना पड़ेगा। महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश की सीमा में पहुँचने वाले मजदूरों को बसों के माध्यम से देवास लाया जा रहा है। देवास से मजदूरों को बसों के माध्यम से उनके राज्यों की सीमा तक पहुंचाया जा रहा है। इस काम के लिए पहले 100 बसों को लगाया था, लेकिन मजदूरों की संख्या को देखते हुए अब 200 बसों को इस काम में लगाया गया है।
इस दौरान उन्होंने मीडिया के प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि अच्छा रहेगा कि महाराष्ट्र इन मजदूरों को ट्रेन के माध्यम से उनके राज्य तक भेजें। जिससे मध्य प्रदेश की सीमाओं पर समुचित व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर एवं पुलिस महानिरीक्षक ने बड़ी बिजासन माता दरबार समिति के सदस्यों से भी चर्चा कर प्रतिदिन हजारों की संख्या में बनाये जा रहे मजदूरों के लिये खाने के पैकेटो की भी जानकारी प्राप्त की। उनके सेवाभाव की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों के आग्रह पर मजदूरो को वितरित किये जाने वाले भोजन को भी गृहण कर उसकी गुणवत्ता की भी प्रशंसा की।
