शिवपुरी। शुक्र-शनि की रात को शिवपुरी जिला अस्पताल एक कोरोना संदिग्ध प्रवासी मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक मजदूर उत्तरप्रदेश का रहने वाला था। उसे शुक्रवार की दोपहर को बेहोशी की हालत में शिवपुरी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहाँ हालत गंभीर होने के चलते इस मजदूर को वेंटीलेटर पर रखा गया था।
दरअसल मजदूर का नाम अमृत है और वह गुजरात से उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में अपने घर जा रहा था। रास्ते में स्वास्थ खराब होने पर ट्रक चालक उसे और उसके एक साथी याकूब मोहम्मद को कोलारस बायपास पर छोड़कर चला गया था। मजदूर युवक की हालत गंभीर होने के चलते इसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया था। देर रात से प्रवासी मजदूर ने जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सिविल सर्जन डॉ पीके खरे ने बताया है कि उक्त युवक और उसके एक साथी का कोरोना टेस्ट कराया गया है। रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
