शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में इन दिनों प्रशासन की लापरवाही और व्यापारियों की मनमानी के कारण प्याज किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों को प्याज बेचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। उन्हें प्याज के सही दाम भी नहीं मिल रहे हैं। किसान प्याज मंडी तक लाने का भाड़ा भी नहीं निकाल पा रहे हैं।
दरअसल शिवपुरी में इन दिनों प्याज की जोरदार आवक हो रही है। किसान बड़ी मात्रा में प्याज लेकर मंडी आ रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लग रही है। किसान अपनी प्याज को बेचने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। हाल यह है कि शहर के हवाई पट्टी के पास मनमाने ढंग से नई अघोषित मंडी शुरू कर दी गई है। यहाँ व्यापारी मनमाने दामों पर प्याज खरीद रहे हैं।
किसानों को उम्मीद थी कि इस बार प्याज अच्छे दामों पर बिकेगा, लेकिन यहाँ व्यापारी 3 से 4 रुपए प्रति किलो प्याज खरीद रहे हैं। जबकि कुछ महीनों पहले तक प्याज की कीमत 100 रुपए प्रति किलो तक पहुँच गई थी। कई किसानों ने बताया कि उनकी लागत तक नहीं निकल रही है। मंडी तक प्याज को लाने का भाड़ा तक नहीं निकल पा रहा है।
वहीं शिवपुरी में अघोषित रूप से हवाई पट्टी पर शुरू हुई मंडी में किसानों के लिए कोई भी आवश्यक सुविधाएं जैसे धूप से बचाव के लिए टेंट और पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। परेशान किसानों ने बताया है कि उन्हें नई पिपरसमां मंडी में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहां से भगा दिया जाता है इसलिए हवाई पट्टी के सामने प्याज से भरी टोलियां लेकर आए हैं और उन्हें दाम भी कम मिल रहे हैं।
