उमरिया। बाघों के लिए दुनिया भर में मशहूर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगली हाथियों की मस्ती की तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में 22 हाथियों का एक झुंड पानी से लबालब तालाब में मस्ती करता नजर आ रहा है। पार्क के उप संचालक ने इन तस्वीरों को अपने कैमरे में कैद किया है। पिछले दो सालों से बाँधवंगढ़ के जंगलों में अपना डेरा जमाए हाथियों की मस्ती करते हुए यह पहली तस्वीर सामने आई है।
दरअसल लॉकडाउन के कारण पर्यटन बंद होने से वन्य जीव स्वतंत्र रूप से विचरण करने का लुत्फ उठा रहे हैं। इसका नजारा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बाघ बाहुल्य ताला परिक्षेत्र के सुखीवा तालाब में देखने को मिला। जहां बच्चों सहित हथियों के झुंड मजे से स्नान किया। इस दौरान पेट्रोलिंग पर निकले पार्क की टीम की अगुवाई कर रहे डिप्टी डायरेक्टर सिद्धार्थ गुप्ता ने ये वीडियो बनाई।
बता दे कि हाथियों का यह झुंड दो साल पहले छत्तीसगढ़, झारखण्ड से भटककर उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व आया था। पार्क प्रबंधन को उम्मीद थी कि यह हाथी कुछ दिन रहकर वापस चले जाएँगे, लकिन पानी और भोजन की अच्छी मौजूदगी के चलते हाथी अब यहीं रहने लगे है। अब ऐसा लग रहा है कि इन्होंने बाघों के साथ रहने की ठान ली है।
बता दे कि बाँधवगढ़ से पहले भारत में सिर्फ जिम कॉर्बेट ऐसा नेशनल पार्क है, जहाँ हाथी और बाघ एक साथ रहते हैं। मध्य भारत में पिछले 150 सालों से हाथियों की मौजूदगी के कोई प्रमाण नहीं हैं। नेशनल पार्क से सटे इलाके आबादी से भरपूर हैं। ज़ाहिर है हाथियों की मौजूदगी से वन विभाग की चुनौती बढ़ गयी है।
