होशंगाबाद। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध सतपुड़ा टाइगर रिजर्व होशंगाबाद के मुख्य पर्यटन केंद्र मढ़ई को गुरुवार से पर्यटकों के लिए खोला जा रहा है। शासन ने 18 जून से 30 जून तक पर्यटन केंद्र मढ़ई को खोलने की अनुमति दे दी है। सरकार के इस फैसले से राजस्व तो बढ़ेगा, साथ ही कई लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
दरअसल पर्यटन केंद्र मढ़ई से हर साल शासन को लगभग 70 लाख रुपए की आमदनी होती है। इसके अलावा 4-5 हजार लोगों का जीवन यापन पर्यटन के कारण होता है। यहां हर साल करीब 30 हजार पर्यटक पहुंचते हैं। लेकिन कोरोना संकट के कारण पिछले तीन महीने से पर्यटन केंद्र बंद रहा है। इस कारण यहां 500 से भी अधिक लोग बेरोजगार हो गए हैं। ऐसे इसे एक बार फिर से खोलने का निर्णय लिया गया है।
कोरोना संकट को देखते हुए यहां सुरक्षा के सभी उपाय किए गए हैं। पर्यटकों को थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद प्रवेश दिया जाएगा। वहीं सफारी के लिए काम में लिए जाने वाले वाहनों को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा। वाहन चालक भी सैनिटाइज, मास्क का उपयोग करेंगे। शारीरिक दूरी का पालन किया जाएगा।
