धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में पांच युवकों को पेड़ से बांधकर ग्रामीणों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की मारपीट से पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में पांचों युवकों को उपचार के लिए धार भेजा है।
मामला बदनावर तहसील के ग्राम मानपुरा का है। पांचों युवा अजय पिता शंकर, राहुल पिता जगदीश, अजय पिता शोभाराम, गोलू पिता राजू और जितेंद्र पिता रणछोड़ मानपुरा में हिंदू सिंह नामक व्यक्ति के यहां पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने के पहुंचे थे। इनका मानपुर के ही रमेश पिता सुखराम व राकेश पिता रमेश से जमीनी विवाद चल रहा है।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने पांचों युवकों को एक पेड़ से बांधकर अधमरा होने तक पिटाई की। उनकी हालत बिगड़ने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें वहीं छोड़ दिया और चले गए।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल युवकों को प्राथमिक उपचार के लिए दसई लाई। वहां उनकी बिगड़ती स्थिति देखते हुए उन्हें धार रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
