इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में रिटायर्ड जज के बेटे ने कुत्ते के भौंकने पर गुस्से में आकर एयरगन से फायर कर दिया। इससे कुत्ता घायल हो गया है। पुलिस ने इस मामले आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
दरअसल इंदौर के गुलाबबाग कॉलोनी में रिटायर्ड जज का बेटा शोएब नकबी अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकला था। इस दौरान कॉलोनी में घूमने वाले कुत्ते उसे देख भौंकने लगे। इससे शोएब इतना गुस्सा हो गया कि उसने कुत्ते पर एयरगन से फायर कर दिया। इससे छर्रा कुत्ते के कंधे से थोड़ा ऊपर लगा, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीपुल फॉर एनिमल्स की संयोजक प्रियांशु जैन मौके पर पहुंचीं। उनकी कुत्ते का इलाज करवाया। साथ ही कुत्ते का एक्सरे भी करवाया गया है ताकि पता चल सके कि कुत्ते को छर्रा लगा है या गोली।
वहीं इस मामले में पुलिस ने प्रियांशु जैन की शिकायत पर शोएब नकबी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
