छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर में चार नाबालिगों ने एक दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। मामले में पुलिस ने चारों नाबालिगों को गिरफ्तार कर बाल न्यायालय में पेश किया, जहाँ से आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के गौरिहार अंचल के ग्राम खड्डी में रहने वाली दिव्यांग युवती शौच करने के लिए घर से बाहर गई थी। शाम को जब काफी देर तक युवती नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रात करीब 9 बजे जब युवती अपने घर पहुंची तो उसके शरीर पर चोंटों के कई निशान थे। जब परिजनों ने युवती से इसके बारे में पूछा तो उसने इशारों में पूरी बात बताई।
इसके बाद परिजन युवती को लेकर गौरिहार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। गौरिहार थाना प्रभारी के अनुसार 10 से 15 साल के चार लड़कों ने दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। मंगलवार को चारों नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया, जहाँ से आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
वहीं इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘छतरपुर के खड्डी गाँव में एक दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म की ह्रदय विदारक घटना सामने आयी है। मैं सरकार से माँग करता हूँ कि इसके आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही हो। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद हो। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिये सरकार आवश्यक कदम उठाये।‘
