भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने कटनी के इमलिया और सिंगरौली के चकरिया की सोने की खदानें नीलाम कर दी हैं। लगभग 177 करोड़ रुपए की सोने की खदानों के नीलाम होने से सरकार को 18.50 करोड़ रुपए का राजस्व मिलेगा।
बता दे कि यह पहला मौका है जब मध्यप्रदेश में सोने की खदानें नीलाम की गई हो। कटनी के इमलिया में स्थित खदान प्रोस्पेक्ट रिसोर्स लिमिटेड मुंबई और सिंगरौली के चकरिया की सोने की खदान गरिमा नेचुरल रिसोर्स को दी गई है। इसके लिए कंपनियों को 8 जुलाई तक 177 करोड़ रुपए पहली क़िस्त के रूप में जमा करने होंगे।
दोनों खदानों के लिए पिछले साल भी बोली लगाई गई थी, लेकिन तक एक-एक कंपनी ही शामिल हुई थी। ऐसे में इस बार फिर से टेंडर बुलाए गए। ये खदानें कंपनियों को 50 साल के लिए दी गई है। इसके लिए कंपनियों को माइनिंग प्लान और पर्यावरण सहित अन्य अनुमति तीन साल के अंदर लेनी होगी। ऐसा नहीं होने पर ठेका निरस्त हो जाएगा।
बता दे कि इमलिया खदान में 121 करोड़ और चकरिया में 56 करोड़ रुपये का सोना निकलने का अनुमान है। कंपनियां जितना सोना निकालेगी उस हिसाब से सरकार को राशी देनी होगी। साथ ही कंपनियों को 4 फीसद रॉयल्टी, 10 फीसद डीएमएफ, 2 फीसद नेशनल मिनरल एक्सप्लोरेशन फंड में जमा करना होगा।
