रीवा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 जुलाई को एशिया के सबसे बड़े सौर ऊर्जा पावर प्लांट का लोकार्पण करेंगे। यह ऊर्जा संयंत्र मध्यप्रदेश के रीवा जिले में स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पिछले दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी थी।
आधिकारिक तौर पर भोपाल में दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज इस समय दिल्ली के दौरे पर है। उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री को लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
बता दे कि रीवा में स्थित एशिया के सबसे बड़े सौर ऊर्जा पावर प्लांट से साल 2018 में बिजली का उत्पादन शुरू हुआ था। आज इसकी तीन इकाइयों से 750 मेगावाट का उत्पादन हो रहा है। इस ऊर्जा संयंत्र से उत्पादन होने वाली कुल बिजली का 24 फीसदी दिल्ली मेट्रो को आपूर्ति की जाती है। पिछले दो सालों से दिल्ली मेट्रो को बिजली की आपूर्ति हो रही है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बताया है कि मंदसौर, नीमच समेत तीन जिले में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
