भोपाल। नसबंदी को लेकर विवादित आदेश जारी करने वाली राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश की संचालक आईएएस अफसर छवि भारद्वाज पर गाज गिरी है। सरकार ने छवि भारद्वाज को स्वास्थ्य विभाग से हटा दिया गया है। छवि भारद्वाज को अब मंत्रालय में OSD बनाया गया है। साथ ही उनके जारी आदेश को भी वापस ले लिया है।
दरअसल छवि भारद्वाज ने राज्य के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को हर महीने 5 से 10 पुरुषों की नसबंदी कराने का आदेश दिया था। साथ ही लक्ष्य पूरा न करने पर ’नो पे, नो वर्क’ के आधार पर वेतन ना देने और अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने का फरमान सुनाया था।
छवि भारद्वाज के इस फैसले का स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया था। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का कहना है कि हम जिले में घर-घर जाकर अभियान तो चला सकते हैं, लेकिन किसी का जबर्दस्ती नसबंदी ऑपरेशन नहीं कर सकते है।
वहीँ भाजपा ने भी इस मुद्दे को लेकर कमलनाथ सरकार पर हमला किया था। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया था कि, “मध्यप्रदेश में अघोषित आपातकाल है। क्या ये कांग्रेस का इमर्जेंसी पार्ट-2 है? एमपीएचडब्ल्यू (Male Multi Purpose Health Workers) के प्रयास में कमी हो, तो सरकार कार्रवाई करे, लेकिन लक्ष्य पूरे नहीं होने पर वेतन रोकना और सेवानिवृत्त करने का निर्णय, तानाशाही है।“
