उज्जैन। शनिवार को उज्जैन पुलिस ने प्रधान आरक्षक बलवीर की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। मृतक बलवीर की पत्नी रेखा ने ही अपने प्रेमी रवि के साथ मिलकर बलवीर की साजिश रची थी। घटना का मुख्य आरोपी रवि उमरिया का रहने वाला है और सीआरपीएफ जगदलपुर में तैनात है।
बता दे कि उज्जैन के माधवनगर थाना के अंतर्गत 32वीं वाहिनी उज्जैन के परिसर में 54 वर्षीय प्रधान आरक्षक बलवीर अपने घर की छत पर मृत पाए गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को बलवीर और उनकी पत्नी रेखा के बीच विवाद की जानकारी मिली। ऐसे में जब पुलिस ने रेखा से सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस की पूछताछ में रेखा ने बताया कि उसने अपने प्रेमी रवि के साथ मिलकर बलवीर सिंह की गला दबाकर हत्या की थी। उन्होंने सामान्य परिस्थिति दिखाने के लिए बलवीर के शव को छत पर बिस्तर बिछाकर लेटा दिया। इसके बाद रेखा ने स्वयं को बचाने के लिए क्वाटर में जाकर बाहर से अपने प्रेमी रवि से दरवाजा बंद करवा दिया, ताकि उस पर कोई शक नहीं करे। घटना के बाद रवि मौके से फरार हो गया।
रेखा ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके प्रेमी ने काफी समय पहले बलवीर की हत्या की रजिश रची थी। पिछले साल दिसम्बर में बलवीर से झगड़ा होने के बाद रेखा अपने प्रेमी के साथ 25 दिन तक जबलपुर, कटनी, मंडला, रायपुर में अलग-अलग होटलों में रुकी थी। इस दौरान दोनों ने बलवीर की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत उन्होंने बलवीर सिंह का मार्च महीने में 40 लाख रुपए का बीमा करवाया था। साथ ही उन्होंने सुनिश्चित किया कि बीमा की राशि हत्या करने के पश्चात आधी-आधी दोनों बांट लेंगे।
घटना का मुख्य आरोपी रवि कुमार सीआरपी्एफ में तैनात है। रवि की गिरफ्तारी के लिए उज्जैन पुलिस की टीमों को रवाना किया गया है। इस घटना को अंजाम देने में अन्य आरोपियों की सहभागिता के संबंध में रेखा से पूछताछ की जा रही है।
