झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपने पति को छोड़कर दूसरे युवक के साथ गई महिला को सजा देने के लिए ग्रामीणों ने महिला को अपने पति को कंधे पर बैठाकर गाँव में घुमाने की सजा सुनाई। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जाँच में लग गई हैं।
दरअसल मामला झाबुआ जिले के कल्याणपुरा के खेड़ा गांव का है। यहां रहने वाली एक शादीशुदा महिला कुछ दिनों पहले अपने पति को छोड़कर किसी दूसरे युवक के साथ चली गई थी। जब युवक महिला को लेकर अपने घर पहुंचा तो युवक के परिजनों ने महिला का विरोध किया। उन्होंने महिला को वापस कल्याणपुरा थाने पहुंचा दिया ताकि वह वापस अपने ससुराल चली जाए।
शनिवार को पुलिस ने महिला को उसके ससुरालवालों के हवाले कर दिया। थाने से निकलने के बाद गाँव पहुंचने पर पंचों ने महिला को तुगलकी फरमान सुनाया। जिसके बाद महिला ने अपने पति को कंधे पर बिठाकर गांव में घुमाया। कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
