इंदौर। इंदौर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलो की रोकथाम के लिए केंद्र से विशेष टीम को इंदौर भेजा गया है। यह टीम इंदौर में स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर शहर में बढ़ रहे कोरोना के मामलो पर लगाम लगाने की कोशिश करेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर केंद्र से आई टीम का स्वागत किया है।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘इंदौर में हमारे साथ कोरोना की लड़ाई में सहयोग हेतु केंद्र द्वारा एक विशेष टीम भेजी गई है। हम इस टीम का स्वागत करते हैं और उनके सुझावों से हमें इंदौर में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने में जल्द से जल्द सफलता मिलेगी।‘
वहीँ अन्य ट्वीट में शिवराज ने लिखा कि, ‘मैं आभारी हूँ हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जो हमारा नेतृत्व कर रहे हैं और प्रदेश के साथ हमेशा खड़े रहे हैं। मैं देश के गृहमंत्री अमित शाह का और स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन का भी आभारी हूँ, जो हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ रहे हैं।‘
गौरतलब है कि इंदौर में कोरोना वायरस की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। यहां कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 900 के करीब पहुंच गई है।
