भोपाल। कोरोना संकट के कारण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री शिवराज ने प्रदेश के सभी मंत्रियों के वेतन में 30% कटौती करने का फैसला लिया है। कोरोना संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों का 30% वेतन मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज के इस फैसले पर सभी मंत्रियों ने सहमति जताई है।
दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को अस्पताल से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंत्रियों से कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम के साथ-साथ अन्य विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी मंत्रियों के वेतन में 30% कटौती करने का फैसला लिया। उनके फैसले पर सभी मंत्रियों ने सहमति जताई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रियों के वेतन से काटी गई रकम का उपयोग कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए किया जाएगा। हमारी सरकार कोरोना के साथ-साथ रोजगार सेतु, पट्टों, आदि मुद्दों भी हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। संक्रमण का शिकार होने के बाद मुख्यमंत्री को भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री अस्पताल से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।
