भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। धीरे-धीरे कोरोना नेताओं को अपनी चपेट में ले रहा है। गुरुवार को भी भाजपा सांसद, विधायक और नेता में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रदेश में अब तक मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री, विधायक और नेता कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
गुरुवार को भाजपा के नवनियुक्त राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता सुमेर सिंह सोलंकी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही निवाड़ी से भाजपा विधायक अनिल जैन की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अनिल जैन ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि, ‘कुछ दिन से अस्वस्थ होने के कारण मेरे द्वारा कोविड की जाँच कराइ गई जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आप सभी से आग्रह है कि जो भी मेरे सम्पर्क में आए हो। अपनी जाँच अवश्य कराएं। इनके अलावा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। साथ ही शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट के कई मंत्री भी अब तक कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।
