नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले की जावद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कोरोना की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उनमें संक्रमण की पुष्टि होने के बाद हड़कम्प मच गया है। क्योंकि जावद विधायक ने शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव में मतदान किया था। इस दौरान उनके सम्पर्क में कई विधायक आए थे।
बताया जा रहा है कि जावद विधायक 16 जून से भोपाल में हैं। वह शुक्रवार को हुए राज्यसभा चुनाव में मतदान करने के लिए विधानसभा पहुंचे थे। इस दौरान मंदसौर विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, गरोठ विधायक देवी सिंह धाकड और रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना सहित कई विधायक उनके सम्पर्क में आए थे। राज्यसभा चुनाव में मतदान के दौरान जो-जो उनके संपर्क में आए उनकी तलाश की जा रही है।
दूसरी तरफ जावद विधायक में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मंदसौर विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, गरोठ विधायक देवी सिंह धाकड और रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना जेपी अस्पताल पहुंचे हैं। वह अपनी कोरोना की जाँच करवाएंगे।
इसके अलावा खबर यह भी है कि जावद विधायक राज्यसभा चुनाव से पहले हुई भाजपा की मीटिंग में भी शामिल हुए थे। इसमें भाजपा के विधायक सहित प्रदेश के बड़े नेता शामिल हुए थे।
