ग्वालियर। सेंट्रल जेल ग्वालियर में बंद एक महिला कैदी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने महिला कैदी को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। साथ ही महिला कैदी के सम्पर्क में आई अन्य महिला कैदियों की भी जाँच कराई जा रही है।
सामने आ रही जानकारी के अनुसार महिला कैदी को 6 जुलाई को कैलारस जिला मुरैना से यहां लाया गया था। महिला दहेज़ एक्ट प्रकरण में आरोपी है। महिला बंदी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेल अधीक्षक ने बताया है कि महिला कैदी को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। उसके साथ 9 और महिला कैदी थी। अब उनका जल्द ही कोरोना टेस्ट कराया जाएगा।
वहीं इससे पहले 5 जुलाई को चोरी के आरोप में जेल पहुंचे एक कैदी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। बाद में जेल से अस्पताल शिफ्ट करते समय आधी रात को वह अस्पताल परिसर से भाग गया था। उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
