इंदौर। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नैशनल रजिस्टर ऑफ सिटिज (एनआरसी) के विरोध में इंदौर के 75 वर्षीय माकपा नेता ने खुद को आग लगा ली। इससे माकपा नेता 90 प्रतिशत झुलस गए। उन्हें तुरंत एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बता दे कि उनकी जेब से सीएए और एनआरसी विरोधी पर्चे भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार 75 वर्षीय माकपा नेता रमेश प्रजापति शाम को करीब सात बजे गीता भवन चौराहे पर स्थित ऑटोमोबाइल्स शोरूम के पास पहुंचे। इसके उन्होंने बोतल में भरा केरोसिन खुद पर डालकर आग लगा ली। उन्हें लपटों में घिरा देख वहां हडकम्प मच गया। सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की सहायता से आग बुझाकर उन्हें एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया।
माकपा के अन्य नेताओं का कहना है कि रमेश प्रजापति पिछले काफी दिनों से सीएए और एनआरसी को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। लगता है इसी तनाव में उन्होंने खुद को आग लगा ली। वहीँ पुलिस का कहना है कि अभी रमेश प्रजापति के बयान नहीं हो सके हैं। इसलिए यह पता नहीं चल सका है कि उन्होंने यह क्यों किया।
