नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच में चाय की गुमटी लगाने वाले सुरेश गंगवाल की बेटी आंचल गंगवाल वायुसेना में फाइटर जेट पायलट बन गई है। हैदराबाद में आयोजित दीक्षांत समारोह में उनको सम्मानित किया गया है। इस दौरान आंचल गंगवाल सहित अन्य प्रशिक्षणार्थियों को एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने देश सेवा के लिए समर्पित किया।
आंचल गंगवाल की इस उपलब्धि पर उनके परिवार में ख़ुशी का माहौल है। उनके पिता का कहना है कि फादर्स डे पर पिता के लिए इससे अच्छा और क्या तोहफा हो सकता है। वहीं आंचल गंगवाल भी फाइटर जेट पायलट बनने पर काफी खुश है। उन्होंने कहा कि मुसीबतों से नहीं घबराने का सबक उन्होंने अपने पिता से सीखा है।
बता दे कि आंचल गंगवाल के पिता सुरेश गंगवाल नीमच सिटी रोड़ पर रोडवेज बस स्टैंड पर चाय की गुमटी चलाते है। साल 2018 में आंचल गंगवाल एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट में 2018 में सफलता प्राप्त के बाद फाइटर जेट पायलट के प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद गई थीं। वह मप्र से चुनी गई एकलौती युवती थी।
इससे पहले आंचल गंगवाल अप्रैल 2017 में पुलिस विभाग में उप निरीक्षक के रूप में चयनित हुईं। इसके बाद अगस्त 2017 में उनका चयन श्रम निरीक्षक के रूप में हुआ था। वह मंदसौर में बतौर श्रम निरीक्षक के पद पर पदस्थ रहीं। उनके परिवार में पिता सुरेश गंगवाल, मां बबिता, भाई चंद्रेश व बहन दिव्यानी हैं।
आंचल गंगवाल को वायु सेना में जाने की प्रेरणा साल 2013 में उत्तराखंड में आई भीषण बाढ़ के दौरान मिली। संकट के इस समय में भारतीय वायु सेना के बचाव अभियान से प्रभावित होकर उन्होंने भी वायु सेना में जाने का निर्णय किया।
