भोपाल। शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर से प्रशासनिक सर्जरी करते हुए कुछ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सरकार ने कुल 6 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
सरकार ने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की अध्यक्ष सलीना सिंह को हटाकर उन्हें प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड भोपाल का अध्यक्ष बनाया है। वहीं सलीना की जगह राधेश्याम जुलानिया को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
सूफिया फारूकी वली, प्रबंध संचालक, मप्र बीज एवं फार्म विकास निगम भोपाल को संचालक, प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड भोपाल और प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं देवास के अपर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को चिकित्सा शिक्षा विभाग में उप सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
इनके अलावा चिकित्सा शिक्षा विभाग के उपसचिव सोमेश मिश्रा को जिला पंचायत बड़वानी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला पंचायत होशंगाबाद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आदित्य सिंह को स्मार्ट सिटी भोपाल का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
