इंदौर। इंदौर में आज कोरोना संक्रमित चार मरीज स्वस्थ होने के बाद अपने घर लौट गए। इन मरीजों को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच एमआरटीबी अस्पताल से अपने घरों की ओर रवाना किया। स्वस्थ होकर अपने घर सकुशल लौट रहे मरीजों ने भी तालियां बजाकर शासन-प्रशासन, डॉक्टर, नर्स आदि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और खुशी का इजहार किया।
अपने घरों की ओर रवाना हुए मरीजों में इंदौर के कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित टाटपट्टी बाखल की तीन महिलाएं तथा खरगोन जिले का एक मरीज शामिल हैं। आज जो मरीज अपने घरों की ओर स्वस्थ होकर गये हैं उनमें टाटपट्टी बाखल की रहने वाली नगमा, उजमा परवीन, शमीन और खरगोन के मनोज कुशवाह शामिल हैं।
सभी मरीजों ने अस्पताल से डिस्चार्ज होकर बाहर निकलते के साथ ही अपनी खुशियों का इजहार ताली बजाकर किया। इनकी सेवा में दिन-रात लगे स्टॉफ ने भी इनके स्वस्थ होने की खुशी पर तालियां बजायी। स्वस्थ होने के पश्चात उक्त सभी मरीजों ने समवेत स्वर से शासन-प्रशासन, डॉक्टर, नर्स आदि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इन सभी का कहना था कि हमारी सेवा दिन-रात की गई। सेवा एवं इलाज में किसी भी तरह की कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई। इन्होंने विशेषकर चाय आदि व्यवस्था करने वाले तथा सफाई करने वाले कर्मियों का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
