भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले प्रतिष्ठित इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकादमी (आईफा) अवार्ड की औपचारिक घोषणा हो गई है। भोपाल के मिंटो हाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ, अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने आईफा अवार्ड के तारीखों की घोषणा की। इस दौरान सलमान और जैकलीन ने मुख्यमंत्री को आईफा मोमेंटो दिया। वहीँ नेक्सा के प्रतिनिधि शशांक श्रीवास्तव ने कमलनाथ को आईफा का पहला टिकट दिया। कमलनाथ ने सलमान को उनके बचपन की तस्वीरों का कोलाज भी भेट किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आईफा अवार्ड के मध्य प्रदेश में होने की कहानी साझा करते हुए बताया कि मध्य प्रदेश में भले ही बर्फ और समुद्र नहीं है लेकिन हेरिटेज, हरियाली, नेशनल पार्क और शांतिप्रिय सरल और मेहनती लोग है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 साल पहले केन्द्रीय उद्योग मंत्री होने के नाते आईफा आयोजन से परिचय हुआ था जिसका आज परिणाम मिला है।
वहीँ सलमान खान ने मध्यप्रदेश और इंदौर से जुड़ी बचपन की यादों का जिक्र करते हुए कहा कि आज वह जो कुछ भी है वह मध्यप्रदेश में बचपन में मिली तालीम की बदौलत हैं। उनका परिवार छह पीढ़ियों से मध्यप्रदेश से जुड़ा हुआ है। मेरे पिता इंदौर से मुम्बई चले गए थे और मुम्बई में नाम कमाने के बाद भी इंदौर से जुड़े रहे।
बता दे कि 21 मार्च को भोपाल के मिंटो हाल में आईफा अवॉर्ड्स का उद्घाटन होगा। इस दिन म्यूजिकल नाईट होगी जिसमें बॉलीवुड कलाकार और तमाम सिंगर परफॉर्म करेंगे। इसके बाद 27 मार्च इंदौर के डेली कॉलेज में आईफा रॉक्स होगा। 28 मार्च को लता मंगेशकर विशेष प्रस्तुति देगी। 29 मार्च को अवॉर्ड्स के दौरान होस्ट सलमान खान और रीतेश देशमुख होस्ट होंगे। इस दिन कटरीना और जैकलीन भी परफॉर्म करेगी।
