इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर ने एक बार फिर से स्वच्छ सर्वेक्षण में बाजी मारी हैं। लगातार चौथे साल इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इंदौर के लगातार चौथी बार देश में प्रथम आने पर खुशी जताई है।
शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘आज मध्यप्रदेश के लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में देश के सबसे स्वच्छ शहर में प्रथम स्थान के सम्मान के लिए इंदौरवासियों, अधिकारियों एवं स्वच्छता योद्धाओं को बधाई। इस प्रोत्साहन और सम्मान के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभार!’
बता दे कि साल 2016 में हुए पहले सर्वेक्षण में मैसूर को देश का सबसे स्वच्छ शहर होने का तमगा दिया गया था। उसके बाद से लगातार चार साल (2017, 2018, 2019, 2020) से इंदौर में देश में पहले नम्बर पर हुआ है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में इंदौर के बाद दूसरे नंबर पर सूरत और तीसरे नंबर पर नवी मुंबई का नाम आता है।
