भोपाल। राजधानी भोपाल में चल रही आईपीएस ऑफिसर्स कॉन्क्लेव 2020 के दूसरे दिन बड़ा हादसा हो गया है। बोट क्लब पर एक ड्रैगन बोट रेस के दौरान आईपीएस अफसरों की नाव पलट गई। इस नाव में 8 आईपीएस अफसर थे, जो बड़ी झील में गिर गए। वह तो गनीमत रही कि सभी अफसरों ने लाइफ जैकेट पहना हुआ था।
दरअसल भोपाल में आईपीएस मीट 2020 चल रहा है। गुरुवार को बोट क्लब में आईपीएस अधिकारी परिवार के साथ वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान ड्रैगन बोट रेस का आयोजन किया गया। ड्रैगन बोट रेस में आईपीएस अफसरों की नाव तकिया टापू के पास पहुंचकर पलट गई। इससे नाव में सवार आठ आईपीएस अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य झील में गिर गए। हालाँकि सभी लोगों ने लाइफ जैकेट पहना हुआ था।
हादसा होते ही रेस्क्यू टीम अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंची और सूझबूझ से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस वेलफेयर के एडीजी विजय कटारिया के अनुसार सभी लोगों ने लाइफ जैकेट पहना था। इस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अधिकारियों की सुरक्षा के लिए सेफ्टी बोट तैनात रहती है।
