भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं को बागी विधायकों से न मिलने देने और उन्हें हिरासत में लेने को हिटलरशाही बताया। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा है कि, “बैंगलोर में भाजपा द्वारा बंधक बनाये गये कांग्रेस विधायकों से मिलने गये कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह व कांग्रेस के मंत्रियो, विधायकों को मिलने से रोकना, उनसे अभद्र व्यवहार करना, उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लेना पूरी तरह से तानाशाही व हिटलर शाही है। पूरा देश आज देख रहा है कि एक चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिये किस प्रकार से भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या की जा रही है। क्यों विधायकों से मिलने नहीं दिया जा रहा है, आख़िर किस बात का डर भाजपा को है? भाजपा द्वारा एक गंदा खेल प्रदेश में खेला जा रहा है। लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मूल्यों व अधिकारो का दमन किया जा रहा है। हमारे हिरासत में लिये गये नेताओ को शीघ्र रिहा किया जावे और बंधक विधायकों से मिलने की इजाज़त दी जाये।”
गौरतलब है कि आज दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, आरिफ मसूद और कुणाल चौधरी बेंगलुरु पहुंचे और अपने बागी विधायकों से मिलने की कोशिश की। लेकिन कर्नाटक पुलिस ने किसी भी कांग्रेस नेता को बागी विधायकों से मिलने नहीं दिया। इसके बाद दिग्विजय सहित कांग्रेस के अन्य नेता रिजॉर्ट के सामने ही धरने पर बैठ गए थे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
